मंडल कारा में बंदियों की समस्याओं से रूबरू हुए सचिव विधानंद सागर, सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश

  • Post By Admin on Sep 28 2026
मंडल कारा में बंदियों की समस्याओं से रूबरू हुए सचिव विधानंद सागर, सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश

लखीसराय : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के सचिव विधानंद सागर के नेतृत्व में सोमवार को मंडल कारा लखीसराय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, विधिक सहायता तथा जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान चीफ लीगल एंड डिफेंस काउंसिल प्रजापति झा के अलावा संदानंद कुमार और संतोष कुमार भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान मंडल कारा में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही कानूनी सहायता की स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बंदियों को बताया कि जो व्यक्ति अपने खर्च पर अधिवक्ता रखने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित बंदी जिला विधिक सेवा प्राधिकार के समक्ष आवेदन दे सकते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की टीम ने मंडल कारा परिसर में उपलब्ध बहुउद्देशीय कक्ष, पाठशाला, अस्पताल और विभिन्न वार्डों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और उन्हें मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली गई। टीम ने बंदियों की ओर से बताई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महिला वार्ड में पेयजल व्यवस्था से जुड़ी समस्या भी सामने आई। इसे देखते हुए महिला वार्ड में आरओ मशीन को दुरुस्त कराने तथा बंदियों के लिए समुचित पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जेल में उपलब्ध कराई जाने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और उचित जांच सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मंडल कारा में बंदियों को नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही विधिक सहायता से वंचित पात्र बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।