योगी सरकार का बड़ा फैसला : चाइनीज मांझे से मौत पर चलेगा हत्या का मुकदमा

  • Post By Admin on Feb 05 2026
योगी सरकार का बड़ा फैसला : चाइनीज मांझे से मौत पर चलेगा हत्या का मुकदमा

लखनऊ : राजधानी लखनऊ के बाजारखाला इलाके में चाइनीज मांझे से युवक की दर्दनाक मौत के बाद उत्तर प्रदेश सरकार एक्शन मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए चाइनीज मांझे को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि अब प्रदेश में चाइनीज मांझे से होने वाली मौतों को महज हादसा नहीं, बल्कि हत्या की श्रेणी में माना जाएगा।

सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेशभर में चाइनीज मांझे के उत्पादन, बिक्री और वितरण पर पूरी तरह से प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को हर जिले में विशेष अभियान चलाकर छापेमारी करने का आदेश दिया है, ताकि कहीं भी यह खतरनाक सामग्री उपलब्ध न रहे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सरकार की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि चाइनीज मांझे के खिलाफ चल रही कार्रवाई की नियमित रूप से उच्च स्तर पर समीक्षा की जाएगी। इसके तहत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी न सिर्फ दुकानों पर नजर रखेंगे, बल्कि आम लोगों को भी जागरूक किया जाएगा, ताकि कोई भी व्यक्ति इस जानलेवा मांझे का इस्तेमाल न करे।

गौरतलब है कि बुधवार को लखनऊ के बाजारखाला स्थित हैदरगंज ओवरब्रिज पर बाइक से जा रहे दुबग्गा निवासी सैयद शोएब (34) चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए थे। मांझा इतना तेज था कि उनके गले की नस कट गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में चाइनीज मांझे को लेकर नाराजगी और चिंता का माहौल है।