लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की ओर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के तहत मतदाता सूची का मसौदा जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रदेश में अप्रैल में प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के बाद करीब 17 लाख मतदाता बढ़े हैं।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में मतदाताओं की संख्या लगभग 13.39 करोड़ से बढ़कर 13.56 करोड़ हो गई है। नई सूची में नाम जुड़वाने, गलतियों में सुधार कराने और अपात्र नामों को लेकर दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा। निर्वाचन आयोग की इस प्रक्रिया का सीधा संबंध 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से है। आयोग ने सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने और मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए हैं।
युवा मतदाताओं के पंजीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
















