वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों के बीच दवा और खाद्य सामग्री का वितरण, स्वास्थ्य सेवा का दिया संदेश
- Post By Admin on Aug 09 2026
मुजफ्फरपुर: समाजसेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए सोशल वर्कर फॉर वूमेन एम्पावरमेंट संस्था ने रविवार को वृद्ध आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच दवाओं और खाद्य सामग्री का वितरण किया। संस्था की इस पहल से आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के चेहरे पर संतोष और खुशी देखने को मिली।
संस्था की ओर से बताया गया कि 2 अगस्त को वृद्ध आश्रम में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर सभी बुजुर्गों की डॉक्टर द्वारा जांच कराई गई थी। जांच के दौरान बुजुर्गों की स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक दवाएं लिखी गई थीं। रविवार को संस्था ने डॉक्टर द्वारा निर्धारित दवाएं संबंधित सभी बुजुर्गों को उपलब्ध कराईं। इसके साथ ही उनके बीच खाने-पीने की आवश्यक सामग्री भी वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान संस्था की संयोजक बबली कुमारी ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा करना केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि जो लोग जीवन भर परिवार और समाज के लिए काम करते हैं, उनके वृद्धावस्था में स्वास्थ्य और सम्मान का ध्यान रखना हम सभी का कर्तव्य है। संस्था आगे भी जरूरतमंद बुजुर्गों की सहायता के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।
संस्था की अध्यक्ष रानू गुप्ता ने कहा कि बुजुर्गों को स्वास्थ्य, सम्मान और सहयोग उपलब्ध कराना संस्था की प्राथमिकता है। उन्होंने समाज के लोगों से भी अपील की कि वे वृद्धजनों के प्रति संवेदनशील बनें और उनकी मदद के लिए आगे आएं। वृद्ध आश्रम के बुजुर्गों ने संस्था की इस पहल के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे सहयोग से उन्हें अपनापन और सम्मान का एहसास होता है। कार्यक्रम के दौरान संस्था के अन्य सदस्य और सहयोगी भी उपस्थित रहे।