विहिप-बजरंग दल ने मनाया अखंड भारत संकल्प दिवस, युवाओं ने लिया राष्ट्र एकीकरण का प्रण
- Post By Admin on Aug 10 2025

लखीसराय : विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल लखीसराय इकाई ने रविवार को रामगढ़ प्रखंड के संतसड़ा और नोनगढ़ गांव में ‘अखंड भारत संकल्प दिवस’ का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड संयोजक विजय यादव और जिला मातृशक्ति संयोजिका गौरम्मा सिन्हा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में विहिप जिला मंत्री बंटी के उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि 1857 से पहले भारत का क्षेत्रफल 88 लाख वर्ग किलोमीटर था, जो 1947 के बाद घटकर 33 लाख वर्ग किलोमीटर रह गया। अफगानिस्तान, नेपाल, भूटान, तिब्बत, म्यांमार, पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे क्षेत्र अलग होने से भारत ने न केवल विशाल भूभाग खोया, बल्कि कई धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरें भी उससे छिन गईं। उन्होंने ढाका के ढाकेश्वरी मंदिर, पाकिस्तान के हिंगलाज माता मंदिर और ननकाना साहिब जैसे आस्था केंद्रों के खोने को ऐतिहासिक क्षति बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि अलग हुए प्रांतों में हिंदुओं पर अत्याचार, धर्म परिवर्तन और उत्पीड़न की घटनाएं लगातार होती रही हैं, जिसका ताजा उदाहरण बांग्लादेश में हाल के हमले और मंदिर तोड़फोड़ हैं।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने वियतनाम, जर्मनी और यहूदी राष्ट्र इज़रायल के पुनः एकीकरण के उदाहरण देते हुए भारत को पुनः ‘अखंड भारत’ बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नवीन सोनी, विवेक जोशी, रणवीर कुमार, छविला यादव, सुनील सिंह, राजकुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार, संतोष यादव, मनीष कुमार, दीपक कुमार, रविंद्र कुमार, अखिलेश कुमार, रामप्रवेश पंडित, मंटू राम, लक्ष्मी कुमारी, माया देवी, अंजनी कुमारी, राधा देवी, रीना देवी, पार्वती देवी, सावित्री देवी, रंजन देवी, सुलेखा देवी, रेखा देवी, संगीता देवी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।