मुख्यमंत्री ने लखीसराय के 1.13 लाख पेंशनधारियों के खातों में भेजे 12.69 करोड़ रुपए, जिला प्रशासन ने किया पारदर्शी वितरण

  • Post By Admin on Aug 10 2025
मुख्यमंत्री ने लखीसराय के 1.13 लाख पेंशनधारियों के खातों में भेजे 12.69 करोड़ रुपए, जिला प्रशासन ने किया पारदर्शी वितरण

लखीसराय : जिला समाहरणालय के मंत्रणा सभागार में रविवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा वृद्ध, विधवा, विकलांग एवं अन्य पेंशनधारियों को जुलाई माह की पेंशन राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की।

मुख्यमंत्री के कर-कमलों से जिले के लाभार्थियों के खातों में कुल 1 करोड़ 12 लाख रुपए से अधिक की राशि भेजी गई। वहीं, पूरे लखीसराय जिले में विभिन्न योजनाओं के 1,13,813 लाभार्थियों को कुल 12,69,21,400 रुपए की पेंशन राशि समय पर उपलब्ध कराई गई। इसमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 35,831, मुख्यमंत्री वृद्धावस्था पेंशन योजना के 52,664, बिहार निराश्रित पेंशन योजना के 9,775, इंदिरा गांधी विधवा पेंशन योजना के 9,930, मुख्यमंत्री विधवा पेंशन योजना के 3,783 और इंदिरा गांधी विकलांग पेंशन योजना के 1,949 लाभार्थी शामिल हैं।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया और पेंशनधारियों को आश्वस्त किया कि राशि समय पर और पारदर्शी तरीके से मिलती रहेगी। जिला परिषद अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि सरकार वृद्धजन, विधवा और विकलांगजन कल्याण के प्रति गंभीर है।

इस मौके पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। जिला मुख्यालय, प्रखंड, पंचायत और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी कार्यक्रम आयोजित कर राशि का वितरण सुनिश्चित किया गया।