लखीसराय : विश्व वर्षावन दिवस एवं समाजसेवी स्वर्गीय सिंघो तांती की पुण्य स्मृति के अवसर पर चानन प्रखंड के इटौन, मननपुर में पर्यावरण भारती द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देव वृक्ष पीपल के दो, अगस्त के दो तथा कनेल के दो पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवन का संदेश दिया गया।
पौधारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व शक्ति कुमार महतों ने किया, जबकि वैद्य दीपक कुमार मोदी एवं रणजीत कुमार महतों ने सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ प्राकृतिक वनों के संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक एवं अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने स्वर्गीय सिंघो तांती के व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि वे कोलफील्ड में नौकरी करने के बावजूद अपने गांव लौटने पर सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में सक्रिय रहते थे। जरूरतमंदों की सहायता और बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित करना उनके जीवन का प्रमुख उद्देश्य था। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व की स्मृति में पौधारोपण करना प्रकृति और समाज दोनों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
राम बिलास शाण्डिल्य ने बताया कि विश्व वर्षावन दिवस पहली बार वर्ष 2017 में मनाया गया था, जिसका उद्देश्य वर्षावनों के महत्व, जलवायु परिवर्तन को नियंत्रित करने में उनकी भूमिका तथा उनके संरक्षण के प्रति वैश्विक जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि वर्षावन पृथ्वी के लिए ऑक्सीजन का महत्वपूर्ण स्रोत हैं, बड़ी मात्रा में कार्बन डाइऑक्साइड अवशोषित करते हैं और विश्व की लगभग आधी वन्य जीव प्रजातियों का आश्रय स्थल हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 की थीम "द फॉरेस्ट विदिन यू" (The Forest Within You) है, जो प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति से जुड़ने और वनों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संदेश देती है। उन्होंने लोगों से प्राकृतिक वनों की कटाई रोकने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शक्ति कुमार महतों, रणजीत कुमार महतो, दीपक कुमार मोदी, निभा कुमारी, राजेश साह, नीशू मोदी, अंकुश, दीपक लहेड़ी, राम बिलास शाण्डिल्य सहित अनेक पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लेकर पौधारोपण अभियान को सफल बनाया।




















