किताबों, कविताओं और संस्कृति का संगम, 25 जून से मुजफ्फरपुर में सजेगा पुस्तक मेला

  • Post By Admin on Jun 22 2026
किताबों, कविताओं और संस्कृति का संगम, 25 जून से मुजफ्फरपुर में सजेगा पुस्तक मेला

मुजफ्फरपुर : उत्तर बिहार के पुस्तक प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। 25 से 28 जून 2026 तक जिले के कलमबाग रोड स्थित आदर्श छात्रावास परिसर (जियो रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने) में चार दिवसीय भव्य पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। बिहार पुस्तक मेला परिक्रमा के चौथे चरण के रूप में आयोजित यह मेला पुस्तकों के साथ-साथ साहित्यिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

समय इंडिया (ट्रस्ट), नई दिल्ली, पुस्तक मेला समिति (रजि.), नई दिल्ली एवं प्रज्ञा रिसर्च एसोसिएशन (प्राण), रांची के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में मुजफ्फरपुर समेत वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और समस्तीपुर के पाठकों एवं साहित्य प्रेमियों की बड़ी भागीदारी की उम्मीद है।

देशभर के प्रतिष्ठित प्रकाशकों की पुस्तकों का मिलेगा विशाल संग्रह

मेले में समय प्रकाशन, यश प्रकाशन, दीपा प्रकाशन, अनु प्रकाशन, राजकमल प्रकाशन, वाणी प्रकाशन, प्रभात प्रकाशन, राधाकृष्ण प्रकाशन, डायमंड बुक्स, पेंगुइन प्रकाशन, हिन्द युग्म, गीता प्रेस, गोवो बुक्स, उपकार प्रकाशन और मनोज पब्लिकेशंस सहित कई प्रमुख प्रकाशकों की हजारों पुस्तकें एक ही छत के नीचे उपलब्ध रहेंगी।

साहित्य, इतिहास, विज्ञान, प्रतियोगी परीक्षाओं, धार्मिक ग्रंथों, जीवनी, बाल साहित्य, व्यक्तित्व विकास, प्रेरणादायक पुस्तकों और समसामयिक विषयों पर आधारित पुस्तकें पाठकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी।

विद्यार्थियों और युवाओं को मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर

पुस्तक मेले के दौरान चित्रकला, कविता पाठ, कहानी वाचन, गायन, नृत्य एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विद्यालय एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, पुस्तकें और आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा कवि सम्मेलन, साहित्यिक परिचर्चा, पुस्तक विमोचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रेरक संवाद सत्र भी आयोजित होंगे, जिनमें विभिन्न राज्यों से आने वाले साहित्यकार, कवि और कलाकार अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियां देंगे।

स्थानीय रचनाकारों के लिए रहेगा विशेष मंच

मेले में स्थानीय लेखकों, कवियों और नवोदित साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष "लेखक कोना" बनाया जाएगा। यहां उनकी पुस्तकों का प्रदर्शन किया जाएगा और उन्हें पाठकों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। आयोजकों का मानना है कि क्षेत्रीय साहित्य और स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देकर ही साहित्यिक संस्कृति को और समृद्ध बनाया जा सकता है।

बिहार और झारखंड की विरासत पर आधारित पुस्तकों का विशेष संग्रह

समय प्रकाशन समूह के स्टॉल पर झारखंड के क्रांतिकारियों, जनजातीय संस्कृति, पर्यटन, इतिहास, मंदिरों और प्रमुख नदियों पर आधारित पुस्तकों के साथ-साथ बिहार के इतिहास, मिथिला, भोजपुरी और मगही संस्कृति, स्वतंत्रता आंदोलन तथा साहित्यिक विभूतियों पर आधारित विशेष पुस्तकें भी उपलब्ध रहेंगी।

पुस्तक संस्कृति को मजबूत करने की अपील

समय इंडिया (ट्रस्ट) के प्रबंध न्यासी चंद्र भूषण ने कहा कि पुस्तकें समाज में ज्ञान, जागरूकता और सकारात्मक सोच विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, साहित्यकारों और पुस्तक प्रेमियों से परिवार सहित पुस्तक मेले में शामिल होकर पठन-पाठन की संस्कृति को मजबूत करने का आह्वान किया।

चार दिनों तक चलने वाला यह आयोजन मुजफ्फरपुर की साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊर्जा देगा तथा उत्तर बिहार के पुस्तक प्रेमियों के लिए ज्ञान, संवाद और रचनात्मकता का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।