डीएम शैलेंद्र कुमार ने बैंकर्स को दिया लक्ष्य पूरा करने का निर्देश, ऋण वितरण बढ़ाने पर जोर

  • Post By Admin on Jun 22 2026
डीएम शैलेंद्र कुमार ने बैंकर्स को दिया लक्ष्य पूरा करने का निर्देश, ऋण वितरण बढ़ाने पर जोर

लखीसराय : जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (डीएलसीसी) की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और सरकार प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान कृषि, पशुपालन, मत्स्य, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित वित्तीय समावेशन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने योजनाओं के निष्पादन में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए सभी बैंकर्स एवं संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से निर्धारित लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया।

डीएम ने सभी बैंक समन्वयकों को वार्षिक ऋण योजना (एनुअल क्रेडिट प्लान) के लक्ष्य में वृद्धि के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि जिले के आर्थिक विकास और रोजगार सृजन के लिए ऋण वितरण में बढ़ोतरी आवश्यक है। इसके साथ ही सभी बैंकों को क्रेडिट-डिपॉजिट (सीडी) रेशियो 45 प्रतिशत से अधिक बनाए रखने का निर्देश दिया गया। जिन बैंकों का सीडी रेशियो निर्धारित मानक से कम पाया गया, उन्हें इसमें सुधार के लिए विशेष प्रयास करने को कहा गया। बैठक में लंबित नीलाम पत्र मामलों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी बैंकर्स को इन मामलों में अपेक्षित सहयोग सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी बैंक द्वारा सहयोग नहीं किया गया तो संबंधित प्रकरण को वरीय स्तर पर विचार करते हुए विभाग को वापस कर दिया जाएगा।

जिला पदाधिकारी ने बैंकर्स एवं विभागीय अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने और जिले के समग्र आर्थिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित बैंकर्स समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।