मुजफ्फरपुर : बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) के पूर्व गणित विभागाध्यक्ष प्रो. भोला ईश्वर के आकस्मिक निधन पर विश्वविद्यालय परिसर में शोकसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

शोकसभा को संबोधित करते हुए विकास पदाधिकारी डॉ. जितेश पती त्रिपाठी ने कहा कि प्रो. भोला ईश्वर एक विलक्षण गणितज्ञ थे, जिन्होंने सैद्धांतिक गणित, अंतरिक्ष विज्ञान और खगोलशास्त्र के समन्वय से गणित के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए। उन्होंने अपने उत्कृष्ट शोध कार्यों, लेखन एवं सारगर्भित व्याख्यानों के माध्यम से अकादमिक जगत को समृद्ध किया और वैज्ञानिक सोच तथा समृद्ध अकादमिक संस्कृति के प्रेरणास्रोत बने रहे।उन्होंने कहा कि प्रो. भोला ईश्वर का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक रहेगा और उनकी विद्वता तथा सरल व्यक्तित्व को सदैव याद किया जाएगा। इस अवसर पर उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

शोकसभा में विकास पदाधिकारी डॉ. जितेश पती त्रिपाठी, उपकुलसचिव डॉ. अमर बहादुर शुक्ला, कर्मचारी संघ के राघवेंद्र कुमार, डॉ. ललित किशोर सहित विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ एवं अतिथि प्राध्यापक संघ के सदस्यों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत शिक्षाविद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।