आरडीएस कॉलेज में योग दिवस पर योगाभ्यास, प्राचार्य बोले- योग प्राण ऊर्जा का अक्षय भंडार
- Post By Admin on Jun 22 2026
मुजफ्फरपुर : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रामदयालु सिंह महाविद्यालय परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने कहा कि आयुष मंत्रालय द्वारा घोषित इस वर्ष की वैश्विक थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" के अनुरूप महाविद्यालय में योगाभ्यास आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि प्राण ऊर्जा का अक्षय भंडार है, जो व्यक्ति की ऊर्जा, रचनात्मकता और मानसिक शक्ति को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने युवाओं से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
योग कल्याण शिक्षक एवं भारत सरकार के योग ट्रेनर श्री अरविंद शाही ने कहा कि योग केवल शरीर को लचीला बनाने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, शरीर और भावनाओं के संतुलन का संपूर्ण विज्ञान है। उन्होंने प्रतिभागियों को सूक्ष्म व्यायाम, वार्म-अप, विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं माइंडफुलनेस का अभ्यास कराया तथा नियमित योगाभ्यास के लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार के अलावा डॉ. रमेश प्रसाद गुप्ता, डॉ. अनुराधा पाठक, डॉ. रजनीकांत पांडेय, डॉ. नीरज कुमार मिश्रा, डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ. गणेश कुमार शर्मा, डॉ. विकास कुमार, श्री निर्मल कुमार शर्मा, श्री दिगम्बर कुमार, अशोक कुमार, मनीष कुमार सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। योगाभ्यास कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुराधा पाठक ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रजनीकांत पांडेय ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।