नो एंट्री उल्लंघन पर परिवहन विभाग सख्त, वसूला 56 हजार रुपए का जुर्माना
- Post By Admin on Apr 17 2025

लखीसराय : शहर में नो एंट्री के नियमों की लगातार हो रही अवहेलना और यातायात बाधित होने की मिल रही शिकायतों के बाद गुरुवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर परिवहन विभाग ने बड़ी कार्यवाई करते हुए 56 हजार रुपए का जुर्माना वसूला है।
जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के आदेश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में जमुई मोड़ से लेकर विद्यापीठ चौक तक के नो एंट्री क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर विशेष निगरानी रखी गई। जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में जांच दल ने कई भारी वाहनों को नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा।
परिवहन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार नो एंट्री क्षेत्र में भारी वाहनों की घुसपैठ और अवैध पार्किंग की वजह से स्थानीय लोगों को आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की परेशानी झेलनी पड़ रही थी। इस अभियान में कुल 56,000 रुपए का जुर्माना वसूलते हुए शमन शुल्क की वसूली की गई। पकड़े गए वाहनों में बड़ी संख्या में ट्रक और मालवाहक शामिल हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नो एंट्री नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमित अभियान चलाया जाएगा। जनता से अपील की गई है कि वे शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और निर्धारित मार्गों का ही पालन करें।
परिवहन विभाग की इस कार्यवाही से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है और यातायात व्यवस्था सुधार की दिशा में इसे एक सख्त कदम माना जा रहा है।