सड़क से सदन तक शिक्षकों की लड़ाई का ऐलान: मुजफ्फरपुर के कॉलेजों में पहुंचे MLC प्रो. संजय कुमार सिंह
- Post By Admin on Sep 29 2026
मुजफ्फरपुर : तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद (एमएलसी) प्रो. संजय कुमार सिंह ने जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में सघन शिक्षक संवाद अभियान चलाकर शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं और मांगों की नब्ज टटोली। इस संवाद यात्रा के तहत उन्होंने मुजफ्फरपुर होम्योपैथिक कॉलेज, रामेश्वर सिंह कॉलेज, एम.पी. सिन्हा साइंस कॉलेज, रघुनाथ पांडेय मेमोरियल लॉ कॉलेज और वैशाली मैनेजमेंट कॉलेज का दौरा कर विभिन्न संवर्गों के शिक्षकों से रूबरू चर्चा की। संवाद सत्रों में शिक्षकों ने सेवा शर्तों, वेतन विसंगतियों और भविष्य की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंताएं खुलकर साझा कीं।
संवाद के दौरान अंगीभूत महाविद्यालयों के शिक्षकों ने वेतन भुगतान में देरी, सेवा संबंधी मामलों, लंबित पदोन्नति और पुरानी पेंशन बहाली जैसे अहम मुद्दों को जोरदार ढंग से रेखांकित किया। होम्योपैथिक कॉलेज के शिक्षकों ने संस्थान की बुनियादी कमियों और संवर्ग से जुड़ी जटिलताओं की ओर ध्यानाकर्षण कराया। वहीं लंबे समय से उच्च शिक्षा की रीढ़ बने अतिथि प्राध्यापकों ने अपनी सेवा सुरक्षा, सेवा समायोजन और भविष्य की अनिश्चितता का दर्द बयां करते हुए कहा कि वर्षों के समर्पण के बावजूद वे असुरक्षित माहौल में पढ़ाने को विवश हैं, जिसके लिए सरकार व विश्वविद्यालय स्तर पर अविलंब नीतिगत फैसले की दरकार है।
शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद एमएलसी प्रो. संजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि शिक्षक समाज की बौद्धिक रीढ़ हैं, इसलिए उनके सम्मान, अधिकार और सेवा सुरक्षा के साथ कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों को आश्वस्त करते हुए ऐलान किया कि इन मांगों के निस्तारण के लिए सड़क से लेकर विधान परिषद के सदन तक निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अंगीभूत, संबद्ध, होम्योपैथिक कॉलेज और अतिथि प्राध्यापकों की सभी प्राथमिक समस्याओं का दस्तावेज तैयार कर उसे सरकार और सदन के पटल पर पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।