सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन पड़ा भारी, कट्टा और कारतूस चमकाने वाला युवक गिरफ्तार

  • Post By Admin on Sep 29 2026
सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन पड़ा भारी, कट्टा और कारतूस चमकाने वाला युवक गिरफ्तार

लखीसराय : सोशल मीडिया पर अवैध हथियार और कारतूस का प्रदर्शन कर रौब गालिब करना एक युवक को भारी पड़ गया। लखीसराय जिले की पिपरिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इंटरनेट पर हथियार चमकाने वाले आरोपी युवक को धर दबोचा है।

पुलिस के अनुसार, पिपरिया थाना को स्थानीय स्तर पर एक वायरल वीडियो और फोटो प्राप्त हुआ था, जिसमें एक युवक देसी कट्टा और कारतूस का खुला प्रदर्शन करते हुए दिखाई दे रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक लखीसराय के निर्देशानुसार पिपरिया थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय स्तर पर छानबीन कर वीडियो में दिख रहे युवक की शिनाख्त दिलखुश कुमार के रूप में की, जो पिपरिया थाना क्षेत्र के डीह पिपरिया निवासी मनोज यादव उर्फ राम मनोज यादव का पुत्र है।पहचान सुनिश्चित होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी और वीडियो में प्रदर्शित कट्टा व कारतूस की बरामदगी के लिए डीह पिपरिया गांव में छापेमारी कर दिलखुश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई के बाद लखीसराय पुलिस ने आम जनता और युवाओं से स्पष्ट अपील की है कि अवैध हथियार रखना, उसकी खरीद-बिक्री करना अथवा किसी भी सार्वजनिक स्थान या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों का प्रदर्शन करना कानूनन दंडनीय अपराध है। पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि ऐसे किसी भी गैरकानूनी कृत्य में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।