लखीसराय में बालू घाटों और स्टॉक स्थलों की औचक जांच, चालानों का भी हुआ सत्यापन

  • Post By Admin on Aug 11 2026
लखीसराय में बालू घाटों और स्टॉक स्थलों की औचक जांच, चालानों का भी हुआ सत्यापन

लखीसराय : विभागीय निर्देश के तहत मंगलवार को जिले में संचालित सभी बालू घाटों, के-लाइसेंस धारित स्टॉक तथा सेकेंडरी स्टॉक की औचक भौतिक जांच की गई। यह  कार्यवाई खनन विकास पदाधिकारी, खनन निरीक्षक तथा खनन एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। जांच के दौरान विभिन्न बालू घाटों और स्टॉक स्थलों पर उपलब्ध बालू के भंडार का भौतिक सत्यापन किया गया। टीम ने मौके पर मौजूद स्टॉक की मात्रा और अभिलेखों का मिलान कर स्थिति की जांच की।

संयुक्त टीम ने बालू घाटों एवं स्टॉक स्थलों से निर्गत किए जा रहे चालानों की भी जांच की। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि चालानों का संचालन एवं निर्गमन विभागीय दिशा-निर्देशों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप हो रहा है या नहीं। जांच के क्रम में विभागीय मानकों के अनुपालन को लेकर संबंधित संचालकों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खनन, भंडारण और परिवहन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित नियमों के अनुसार किए जाएं।

खनन विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध खनन, अवैध भंडारण तथा नियम विरुद्ध बालू परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों और संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।