नो-एंट्री समय में बदलाव पर खाद्यान्न व्यवसायियों की नाराजगी, व्यापार पर असर की जताई आशंका
- Post By Admin on Aug 11 2026
मुजफ्फरपुर: खाद्यान्न व्यवसायी संघ की बैठक सोमवार सुबह गोला रोड स्थित गांधी पुस्तकालय के सभाकक्ष में संघ अध्यक्ष दिलीप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में उपस्थित व्यवसायियों ने जिला प्रशासन द्वारा भारी मालवाहक वाहनों के लिए शहर में लागू नो-एंट्री का समय सुबह 8 बजे से घटाकर 6 बजे किए जाने पर चिंता व्यक्त की।
व्यवसायियों ने कहा कि इस निर्णय का सीधा असर शहर के व्यापार पर पड़ेगा। संघ अध्यक्ष दिलीप कुमार ने कहा कि पहले से ही दिन में छोटे मालवाहक वाहनों, विशेषकर पिकअप वाहनों पर नो-एंट्री लागू होने के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है। यदि सुबह 6 बजे से ही बड़े मालवाहक वाहनों पर भी रोक लग जाएगी, तो ट्रकों को सुबह 5 बजे से पहले ही शहर में प्रवेश करना होगा। उन्होंने कहा कि एक ट्रक को खाली करने में सामान्यतः दो से ढाई घंटे लगते हैं, ऐसे में व्यापारियों और पल्लेदारों को रात दो बजे से ही काम में लगना पड़ेगा, जो अव्यवहारिक और कष्टदायक है।बैठक में यह भी कहा गया कि शहर में जाम की समस्या का मुख्य कारण अतिक्रमण और सरैयागंज तथा जवाहरलाल रोड पर सुबह के समय होने वाला थोक सब्जी व्यापार है। व्यवसायियों ने सुझाव दिया कि इस थोक बाजार को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर जाम की समस्या का समाधान किया जा सकता है।
बैठक के अंत में प्रमुख व्यवसायी उमेश गुप्ता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में धर्मनाथ प्रसाद, नरेंद्र प्रसाद, रंजीत कुमार साहू, दिनेश कुमार, अभय कुमार, देवेंद्र चाचान, अभिषेक चाचान, धर्मेंद्र कुमार, मितेश कुमार, मुकेश पासवान, राजेश कुमार, पिंटू कुमार, शंकर चाचान, संजीव कुमार, अनिल कुमार, रवि सर्राफ, राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में खाद्यान्न व्यवसायी उपस्थित रहे।