अल्मोड़ा में लखीसराय के किसानों की पाठशाला
- Post By Admin on Sep 26 2024

लखीसराय : जिले के सात प्रखंडों से चयनित 30 किसान इन दिनों अल्मोड़ा के पाठशाला में मोटे अनाज की उन्नत खेती की विधियों को सीख रहे हैं। यह प्रशिक्षण भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से संबद्ध विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा, काठगोदाम में चल रहा है। किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों, उन्नत यंत्रों और मोटे अनाज की खेती के बारे में जानकारी दी जा रही है। इस प्रशिक्षण की देखरेख सहायक तकनीकी प्रबंधक कृषि विभाग, अंकित कुमार और चंद्रदेव मुर्मू द्वारा की जा रही है।
कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) के प्रभारी निदेशक सह जिला कृषि पदाधिकारी सुबोध कुमार सुधांशु ने बताया कि चयनित किसानों में अधिकांश जागरूक और उन्नत खेती में रुचि रखने वाले किसान शामिल हैं। आत्मा का उद्देश्य किसानों के आर्थिक विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, जिसके तहत विभिन्न योजनाओं पर अन्य विभागों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। इनमें उन्नत किस्म की मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देना भी शामिल है।
राज्य के बाहर प्रशिक्षण कार्यक्रम की वार्षिक योजना के तहत आत्मा द्वारा इन किसानों को रेल मार्ग से अल्मोड़ा भेजा गया है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के बाद, किसान आत्मा द्वारा आरक्षित बोगी में वापस लौटेंगे। प्रशिक्षण के अंतिम दिन किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।