पटना: बिहार की सम्राट चौधरी सरकार ने कैबिनेट बैठक में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और ऊर्जा से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी है। बैठक में बक्सर से भागलपुर तक छह लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए 66.58 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इस एक्सप्रेसवे का प्रस्तावित मार्ग बक्सर से शुरू होकर अरवल, जहानाबाद, राजगीर, सिकंदरा और मुंगेर के भीमबांध के निकट से होते हुए भागलपुर तक जाएगा। आगे इसे प्रस्तावित रक्सौल-हल्दिया हाईवे से जोड़ने की योजना है। परियोजना से राज्य के कई जिलों के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कैबिनेट ने पटना में IIT रिसर्च पार्क के निर्माण के लिए 305 करोड़ रुपये की परियोजना लागत पर IIT मद्रास के CUBE को मुख्य परामर्शी और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट बनाने की मंजूरी दी है। स्वास्थ्य क्षेत्र में दरभंगा के गंगवारा स्थित सदर अस्पताल परिसर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर के माध्यम से सिर एवं गर्दन के कैंसर के इलाज की सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इससे दरभंगा और आसपास के जिलों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार मिल सकेगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पंचायत सरकार भवनों पर 10 किलोवाट के ऑन-ग्रिड सोलर पैनल लगाने के लिए 482.82 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त ग्रामीण पेयजल केंद्रों और जल मीनारों पर सोलर पैनल लगाने के लिए 48.09 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। कैबिनेट के फैसलों में किसानों के लिए खाद्यान्न अधिप्राप्ति व्यवस्था को मजबूत करने और जमुई तथा बांका के खनिज ब्लॉकों की ई-नीलामी की तैयारी भी शामिल है। इन फैसलों से राज्य में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं और औद्योगिक विकास को गति देने की उम्मीद जताई गई है।