पटना: बिहार की राजधानी पटना में 20 और 21 नवंबर 2026 को दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘इंद्रधनुष 2026’ का आयोजन किया जाएगा। प्रेमचंद रंगशाला, राजेंद्र नगर में प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में सात राज्यों के करीब 400 लोक कलाकार और शिल्पकार अपनी कला एवं संस्कृति की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (ईजेडसीसी), कोलकाता, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनसीजेडसीसी), प्रयागराज, दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एससीजेडसीसी) तथा बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
महोत्सव में बिहार के साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, त्रिपुरा और महाराष्ट्र के लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा हस्तशिल्प मेला, खान-पान मेला, पारंपरिक परिधान प्रदर्शन, चित्रकला कार्यशाला और रंगोली प्रदर्शन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। आयोजकों के अनुसार, इस महोत्सव का उद्देश्य विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक एवं भाषाई विविधता को पहचान दिलाना और सामाजिक एकता को मजबूत करना है।
महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन 20 नवंबर को बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन दीप प्रज्वलित कर करेंगे। इसके बाद पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक सुदेश शर्मा स्वागत संबोधन देंगे। कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार तथा बिहार के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार भी अपना वक्तव्य रखेंगे। इसके बाद राज्यपाल का संबोधन होगा। विभाग की निदेशक रूबी कार्यक्रम की रूपरेखा और आयोजन से संबंधित जानकारी साझा करेंगी। उद्घाटन के बाद सभी राज्यों के कलाकार राजीव कुमार रॉय के निर्देशन में समवेत नृत्य प्रस्तुत करेंगे। उत्तर प्रदेश की खुशबू पारिक के दल की ओर से फूलों की होली और मयूर लोकनृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। हरियाणा के अंकित शर्मा का दल रागिनी, फाग और घूमर की प्रस्तुति देगा, जबकि राजस्थान के जगदीश पचारिया के दल द्वारा भवई, घूमर और कालबेलिया लोकनृत्य दिखाए जाएंगे।
ओडिशा के अरुण कुमार सुना के नेतृत्व में एकतारा कला केंद्र का दल संबलपुरी और ढाप नृत्य प्रस्तुत करेगा। त्रिपुरा की मनु देवबर्मन का दल मोमिता और होजागिरी नृत्य पेश करेगा। वहीं, महाराष्ट्र की मोहिनी इयाजरे के दल द्वारा लावणी और कोली नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ बिहार के लोकगीत और लोकनृत्य भी महोत्सव का हिस्सा होंगे। इस आयोजन का एक विशेष आकर्षण ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम होगा, जिसे पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, कोलकाता की ओर से आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत बिहार और त्रिपुरा की भाषा, संस्कृति, परंपरा और खान-पान से जुड़े आदान-प्रदान के कार्यक्रम होंगे। इसका उद्देश्य दोनों राज्यों की सांस्कृतिक पहचान को करीब लाना और विविधता में एकता का संदेश देना है।
21 नवंबर के कार्यक्रम में कवि सम्मेलन, सभी राज्यों के कलाकारों का समवेत नृत्य, विभिन्न राज्यों के लोकनृत्य और पारंपरिक परिधान प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। दो दिनों तक चलने वाला यह महोत्सव पटना के लोगों को देश के अलग-अलग राज्यों की लोककला, संगीत, नृत्य और परंपराओं से रूबरू होने का अवसर देगा।
















