16 अगस्त से शुरू होगा राजस्व सेवा महा अभियान, भूमि संबंधी समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
- Post By Admin on Jul 30 2025

लखीसराय : जिले में आम जनता को भूमि संबंधी सेवाएं सहज, पारदर्शी और त्वरित रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजस्व सेवा महा अभियान का आयोजन किया जाएगा। यह विशेष अभियान 16 अगस्त से 20 सितंबर 2025 तक जिले भर में संचालित होगा।
इस संदर्भ में आज समाहरणालय स्थित NIC सभागार में एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की। बैठक में राजस्व विभाग के सभी वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि इस महा अभियान का मुख्य उद्देश्य भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, भू-मापन, भू-लगान, जमाबंदी, परिमार्जन, उत्तराधिकार नामांतरण एवं संपत्ति के बंटवारे से संबंधित लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करना है। कई मामलों में डिजिटाइज जमाबंदी में आई त्रुटियों को सुधारने तथा छूटी हुई जमाबंदियों को ऑनलाइन करने की आवश्यकता है, जिसे इस अभियान के तहत प्राथमिकता दी जाएगी।
अभियान को तीन चरणों में संपन्न किया जाएगा:
-
तैयारी चरण – पूर्व तैयारियों एवं डाटा संकलन का कार्य।
-
मुख्य अभियान चरण – कैंप मोड में जनता के बीच जाकर कार्य निष्पादन।
-
अनुवर्ती चरण – निष्पादन के पश्चात शेष कार्यों की मॉनिटरिंग और सुधार।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को अभियान की सफलता के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बैठक में अपर समाहर्ता श्री सुधांशु शेखर, बंदोबस्त पदाधिकारी मो. मुस्तकीम, भूमि सुधार उप समाहर्ता श्रीमती सीतू शर्मा, राजस्व प्रभारी श्री राहुल कुमार, जनसंपर्क पदाधिकारी श्री विनोद प्रसाद, सभी अंचलाधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन को उम्मीद है कि यह महा अभियान जिले के आम रैयतों व भू-धारकों की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान में मील का पत्थर साबित होगा।