बड़हिया में जल्द बनेगा रेलवे ओवरब्रिज, उपमुख्यमंत्री की पहल पर केंद्र सरकार ने लिया संज्ञान
- Post By Admin on Aug 02 2025

लखीसराय : जिले के बड़हिया क्षेत्रवासियों के लिए लंबे समय से चली आ रही परेशानी के समाधान की दिशा में एक बड़ी पहल हुई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पर जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की मांग को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया है। उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा की ओर से इस मांग को लेकर रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को भेजे गए पत्र के जवाब में केंद्र ने कार्यवाही शुरू कर दी है।
उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने 30 जुलाई को भेजे पत्र में बताया था कि बड़हिया अंचल के किसान, छात्र, व्यापारी और आमजन लंबे समय से रेलवे अंडरपास की जर्जर स्थिति, जलभराव और बरसात के मौसम में सड़क अवरुद्ध होने से जूझ रहे हैं। यह न केवल जनजीवन को प्रभावित करता है, बल्कि कई बार दुर्घटनाओं का कारण भी बनता है।
रेल मंत्री श्री वैष्णव ने 31 जुलाई को पत्र के जवाब में सूचित किया कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण (Site Visit) कर जल्द से जल्द व्यवहार्यता रिपोर्ट (Feasibility Report) तैयार करने का निर्देश दे दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
यह निर्णय बड़हिया के नागरिकों के लिए एक बड़ी सौगात मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और विकास की गति को नया बल मिलेगा। स्थानीय लोगों ने उपमुख्यमंत्री और रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे ऐतिहासिक पहल बताया है।