लखीसराय : धरती को प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्त करने की दिशा में लखीसराय में एक अनोखा प्रयास शुरू हुआ है। पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने "ईको ब्रिक्स" बनाने की अपील करते हुए कहा कि यह केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित भविष्य की दिशा में बड़ा कदम है।

शाण्डिल्य ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक हमारे पर्यावरण के लिए किसी अभिशाप से कम नहीं। लोग इसे उपयोग के बाद सड़कों, नालों व खेतों में फेंक देते हैं जिससे मिट्टी की उर्वरता खत्म हो जाती है। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि "आज का भूत-प्रेत पोलिथीन है, जिसे बोतल में बंद कर ईको ब्रिक्स के रूप में कैद किया जा सकता है।"

उन्होंने बताया कि एक प्लास्टिक बोतल में लगभग 100 वर्गमीटर तक फैल सकने वाली प्लास्टिक समा सकती है, जिसे ईको ब्रिक्स के रूप में इस्तेमाल कर निर्माण कार्यों में लगाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से पुराने कपड़ों से थैला बनाकर उसका उपयोग करने का भी आग्रह किया।

इस अभियान में पटना के राजेंद्र नगर रोड नं-10 निवासी सुधीर कुमार सिन्हा एक मिसाल बनकर सामने आए हैं। CDA में ऑडिटर पद से सेवानिवृत्त श्री सिन्हा अब अपने घर में ईको ब्रिक्स बना रहे हैं, साथ ही पुराने कपड़ों से थैले तैयार कर निःशुल्क बांट रहे हैं। वे पैदल चलना और साइकिल की सवारी को पर्यावरण हित में आदर्श मानते हैं।

पर्यावरण भारती के इस अभियान में सुधीर सिन्हा के साथ अजय कुमार, हिमालय कुमार, कार्तिक मल्लिक, बद्रीनाथ, सोमनाथ, अजीत कुमार सिन्हा, शिक्षक अरविंद कुमार समेत कई लोग सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह पहल एक जनांदोलन का रूप ले रही है, जो पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अनुकरणीय उदाहरण बन सकती है।

जनसहभागिता से ही होगा धरती का संरक्षण — संदेश स्पष्ट है: ईको ब्रिक्स बनाओ, प्लास्टिक हटाओ।