ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, राजनीतिक दलों ने सुरक्षा पर जताया संतोष

  • Post By Admin on Mar 05 2025
ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, राजनीतिक दलों ने सुरक्षा पर जताया संतोष

लखीसराय : जिले में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया गया। जिला प्रशासन और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में इस निरीक्षण का नेतृत्व जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने किया।  

निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी राहुल कुमार ने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी मशीनों को पूरी तरह सील कर 24 घंटे सीसीटीवी की निगरानी में रखा गया है, साथ ही सुरक्षा बलों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जा रहा है।  

इस निरीक्षण में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिलाध्यक्ष विनोद कुशवाहा, राजद नेता सुनील कुमार यादव और लोजपा (रामविलास) के हेमंत कुमार हिमांशु समेत कई राजनीतिक दलों के नेता उपस्थित रहे। प्रतिनिधियों ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्थाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी बताया और प्रशासन की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के बाद सभी ने रजिस्टर में अपनी उपस्थिति दर्ज की।  

निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से हर महीने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाती है, जबकि हर तीन महीने में वेयरहाउस खोलकर मशीनों की स्थिति का निरीक्षण किया जाता है।  

राजनीतिक दलों के नेताओं ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आगामी चुनाव निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न होंगे।