एलपीजी को लेकर अफवाहों पर विराम, प्रशासन ने कहा—जिले में पर्याप्त गैस उपलब्ध
- Post By Admin on Mar 30 2026
लखीसराय : मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण एलपीजी गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच लखीसराय जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस एजेंसियों और विक्रेताओं की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और संबंधित थानाध्यक्ष की संयुक्त त्रिस्तरीय धावा दल का गठन किया गया है। यह दल लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी पर नजर रखेगा। अब तक जिले में 67 स्थानों पर निरीक्षण किया जा चुका है।
प्रशासन ने सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दोषी पाए जाने वाले विक्रेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी एलपीजी वितरकों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि किसी भी परिस्थिति में सिलेंडर की जमाखोरी या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आम नागरिकों की शिकायतों के समाधान के लिए समाहरणालय लखीसराय में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष संख्या 06346-232952 जारी किया गया है, जिस पर नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। वर्तमान में जिले की 16 गैस एजेंसियों के पास कुल 3739 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस की कमी को लेकर किसी प्रकार की घबराहट न फैलाएं और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। घरेलू उपयोग के लिए रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। साथ ही बताया गया कि भारत सरकार के नियम के अनुसार किसी भी घरेलू उपभोक्ता को अंतिम सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नए सिलेंडर की बुकिंग करने की अनुमति होगी। बुकिंग के बाद 2 से 3 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।