पीएम मोदी का पंजाब दौरा, हलवारा एयरपोर्ट टर्मिनल का करेंगे उद्घाटन

  • Post By Admin on Feb 01 2026
पीएम मोदी का पंजाब दौरा, हलवारा एयरपोर्ट टर्मिनल का करेंगे उद्घाटन

पंजाब : संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पंजाब के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे दोपहर लगभग 3:45 बजे आदमपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां एयरपोर्ट का नाम बदलकर “श्री गुरु रविदास जी एयरपोर्ट, आदमपुर” करने का औपचारिक अनावरण करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह नामकरण संत गुरु रविदास जी के सम्मान में किया जा रहा है, जिनकी समानता, करुणा और मानवीय गरिमा से जुड़ी शिक्षाएं भारतीय समाज के मूल मूल्यों को लगातार प्रेरित करती रही हैं। इस पहल को सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया है।

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री लुधियाना स्थित हलवारा एयरपोर्ट पर नवनिर्मित टर्मिनल बिल्डिंग का भी उद्घाटन करेंगे। पीएमओ के मुताबिक, यह टर्मिनल पंजाब के लिए एक नया एविएशन गेटवे साबित होगा, जिससे लुधियाना और आसपास के औद्योगिक एवं कृषि क्षेत्रों की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।

गौरतलब है कि लुधियाना के पुराने एयरपोर्ट का रनवे छोटा था, जो केवल छोटे विमानों के लिए उपयुक्त था। बेहतर कनेक्टिविटी और बड़े विमानों के संचालन के लिए हलवारा में एक नया सिविल एन्क्लेव विकसित किया गया है, जिसमें लंबा रनवे बनाया गया है, जो ए320 जैसे विमानों को संभालने में सक्षम है। हलवारा भारतीय वायुसेना का एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्टेशन भी माना जाता है।

बयान में यह भी बताया गया कि प्रधानमंत्री के सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के विजन के अनुरूप इस टर्मिनल में कई हरित और ऊर्जा-कुशल सुविधाएं शामिल की गई हैं। इनमें एलईडी लाइटिंग, इंसुलेटेड छत, रेन वाटर हारवेस्टिंग सिस्टम, सीवेज एवं वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा लैंडस्केपिंग के लिए रिसाइकल पानी का उपयोग प्रमुख है। टर्मिनल का आर्किटेक्चरल डिजाइन पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है, जो यात्रियों को एक अनोखा और क्षेत्रीय पहचान से जुड़ा अनुभव प्रदान करेगा।