सुनेत्रा पवार बनीं महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री, राजभवन में हुआ शपथ ग्रहण

  • Post By Admin on Feb 01 2026
सुनेत्रा पवार बनीं महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री, राजभवन में हुआ शपथ ग्रहण

मुंबई : महाराष्ट्र की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक पल दर्ज हो गया, जब सुनेत्रा पवार ने राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत मंत्रिमंडल के कई वरिष्ठ सदस्य और राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता मौजूद रहे। राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार को एनसीपी (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) विधायक दल का नेता चुना गया था, जिसके बाद उन्हें उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

जानकारी के अनुसार, विधायक दल की बैठक में वरिष्ठ नेता दिलीप वलसे पाटिल ने सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे छगन भुजबल सहित अन्य विधायकों ने समर्थन दिया। प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित होने के बाद उनके नाम पर अंतिम मुहर लगी।

सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने के साथ ही एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चल रही अटकलों पर भी फिलहाल विराम लग गया है। पिछले कुछ दिनों से शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी-एसपी और दूसरे गुट के बीच विलय की चर्चाएं तेज थीं। हालांकि एनसीपी-एसपी ने दावा किया था कि बातचीत अंतिम चरण में है और घोषणा जल्द होगी, लेकिन ताजा राजनीतिक घटनाक्रम के बाद स्थिति स्पष्ट होती नजर आ रही है।