विश्व आवाज दिवस पर पर्यावरण भारती ने दिया जल संरक्षण और ध्वनि प्रदूषण से बचाव का संदेश

  • Post By Admin on Apr 16 2025
विश्व आवाज दिवस पर पर्यावरण भारती ने दिया जल संरक्षण और ध्वनि प्रदूषण से बचाव का संदेश

पटना : विश्व आवाज दिवस के अवसर पर बुधवार को पर्यावरण भारती की ओर से पटना के राजेन्द्र नगर स्थित शाखा मैदान परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नींबू, पपीता जैसे फलदार वृक्षों के साथ कनेल और कचनार फूलों के कुल 11 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण भारती पटना महानगर के पेड़ उपक्रम प्रमुख हिमालय ने किया।

पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने इस अवसर पर कहा कि जलवायु परिवर्तन के भयावह परिणाम अब स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष केवल बिहार में आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से करीब 400 लोगों की जान गई है। उन्होंने चेताया कि तालाबों को समतल कर कंक्रीट के जंगल खड़ा कर देने से प्राकृतिक जल स्रोत समाप्त होते जा रहे हैं, जिससे न केवल पर्यावरणीय असंतुलन पैदा हुआ है, बल्कि आकाशीय बिजली जैसी आपदाओं से जान-माल का भारी नुकसान भी हो रहा है।

शाण्डिल्य ने बताया कि पटना महानगर का जल स्तर 15 फीट तक नीचे चला गया है, जिससे कई चापाकल सूखने की कगार पर हैं। उन्होंने वर्षा जल संरक्षण को समय की मांग बताते हुए हर घर में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि "वर्षा जल अमृत जल है, इसका संरक्षण ही आने वाले समय में जीवन बचा सकता है।"

विश्व आवाज दिवस के संदर्भ में शाण्डिल्य ने जानकारी दी कि इस दिवस की शुरुआत सबसे पहले 1999 में ब्राजील के ENT विशेषज्ञों और स्पीच थैरेपिस्ट्स द्वारा की गई थी, जबकि अंतरराष्ट्रीय रूप में इसकी शुरुआत 2002 में हुई। इसका उद्देश्य मानव आवाज़ की सुरक्षा और इसके महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना है।

उन्होंने कहा कि धूम्रपान और शराब जैसे नशे आवाज को नुकसान पहुंचाते हैं, जिन्हें छोड़ना आवश्यक है। जोर-जोर से चिल्लाना या भीड़ में बिना माइक्रोफोन के बोलना भी आवाज को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने सलाह दी कि गला सूखने से बचने के लिए पर्याप्त पानी पिएं और ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए अपने घरों के आसपास कम से कम 10 पेड़ लगाएं।

इस अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम में रागिनी पाठक, चार्टर्ड एकाउंटेंट ऋचा कुमारी, साक्षी अग्रवाल, हिमालय, अनिमेष बर्णवाल, मयंक बर्णवाल, आर्यन बर्णवाल, अमन सिंह, अक्षय शरण, कार्तिकेय, दिव्यांशु सिन्हा, रंजन कुमार, नीतिश कुमार, अक्षय राज, दीपक कुमार सहित कई लोगों ने भाग लिया।