अखंड भारत संकल्प दिवस पर एक पेड़ माँ के नाम अभियान, पीपल व पुष्प के पौधों से सजा मैदान
- Post By Admin on Aug 14 2025

लखीसराय : 14 अगस्त 2025 को लखीसराय के के०आर०के० मैदान परिसर, नया बाजार में अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा विशेष पौधारोपण अभियान "एक पेड़ माँ के नाम" आयोजित किया गया। इस अवसर पर देव वृक्ष पीपल के 5 तथा पुष्प के 6 पौधे लगाए गए। पौधारोपण का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी अमित कुमार मल्लिक ने किया।
कार्यक्रम में पर्यावरण भारती के संस्थापक एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 14 अगस्त 1947 को भारत अखंड था, किंतु स्वार्थी तत्वों द्वारा उसी रात 12 बजे भारत का विभाजन कर पाकिस्तान और बांग्लादेश का निर्माण किया गया, जो पूर्णतः अप्राकृतिक था। उन्होंने कहा कि भारत माता का स्वरूप विश्व मानचित्र पर विशिष्ट है—हिमालय इसका मुकुट है, नदियों का जल दूध के समान निर्मल है, और जंगल इसके वस्त्र हैं। उन्होंने महर्षि अरविंद घोष के विभाजन विरोध, पांडिचेरी आश्रम में अखंड भारत का मानचित्र स्थापित रखने और पूर्वी-पश्चिमी जर्मनी के पुनः एकीकरण के उदाहरण देते हुए विश्वास जताया कि भारत भविष्य में पुनः अखंड होगा।
पर्यावरण नारी शक्ति प्रांत टोली सदस्य एवं भाजपा जिला उपाध्यक्षा श्रीमती ऊषा देवी मल्लिक ने कहा कि अखंड भारत संकल्प दिवस पर "एक पेड़ माँ के नाम" लगाना एक पुनीत कार्य है। पौधारोपण से ही पर्यावरण संरक्षण संभव है, और पर्यावरण की सुरक्षा से ही मानव जीवन सुरक्षित रहेगा। उन्होंने समाज से अपील की कि हर व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाए और उसकी देखभाल करे।
पौधारोपण कार्यक्रम में श्रीमती ऊषा देवी मल्लिक, धर्म जागरण मुंगेर विभाग प्रमुख दिनेश कुमार मल्लिक, राम बिलास शाण्डिल्य, अमित कुमार मल्लिक, मोनू कुमार, सुधारकर शंकर, अभिषेक कुमार, आर्यन राज, अंशु कुमार, अभिराज, राम बहादुर मल्लिक सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग सक्रिय रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की देखरेख का संकल्प लिया।