जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने कुढ़नी प्रखंड में विकास कार्यों की समीक्षा की

  • Post By Admin on Sep 12 2024
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने कुढ़नी प्रखंड में विकास कार्यों की समीक्षा की

मुजफ्फरपुर : जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने कुढ़नी प्रखंड और अंचल कार्यालय का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रखंड में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने राजकीय मध्य विद्यालय कुढ़नी, कृष्णा विभूति प्रोजेक्ट बालिका माध्यमिक विद्यालय कुढ़नी और मध्य विद्यालय बलिया का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में बच्चों के नामांकन, उपस्थिति और शिक्षकों की उपस्थिति की जांच की। साथ ही, मध्याह्न भोजन योजना की स्थिति का भी मूल्यांकन किया गया। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को बच्चों की शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने और मेनू के अनुसार भोजन की गुणवत्ता में सुधार करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, प्रखंड कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में पंचायत सरकार भवन, मनरेगा योजना, आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण, वृक्षारोपण, खाद्यान्न का उठाव और वितरण, शौचालय निर्माण और नल-जल योजना सहित कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश दिया और यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी योजनाएं समय पर पूरी हों।

मनरेगा के तहत निर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों को जल्द से जल्द आईसीडीएस को सौंपने का आदेश दिया गया। साथ ही, नए आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण के लिए प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश भी दिए गए।