बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर मंत्री शीला मंडल एवं जिला पदाधिकारी ने की स्थिति की समीक्षा
- Post By Admin on Aug 12 2025

लखीसराय : बिहार सरकार की प्रभारी मंत्री एवं परिवहन मंत्री श्रीमती शीला मंडल ने आज लखीसराय जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर बाढ़ की गंभीरता का जायजा लिया। इस दौरान जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने भी उनके साथ मिलकर प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत कार्यों की समीक्षा की।
जिला पदाधिकारी ने बड़हिया के टाल क्षेत्र स्थित पाली पंचायत और एजनी घाट पंचायत के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर ग्रामीणों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने बाढ़ से प्रभावित लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को समझते हुए प्रशासन की सहायता एवं राहत कार्यों की जानकारी दी।
प्रशासन की ओर से पशुओं के लिए सुखा चारा और पॉलिथीन शीट का वितरण किया जा रहा है, साथ ही पशु चिकित्सा के लिए मोबाइल एम्बुलेंस वैन भी सक्रिय है। पीने के पानी की समस्या को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में चापाकल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
मंत्री श्रीमती शीला मंडल ने राहत शिविरों के संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए और जिला प्रशासन की बाढ़ राहत तैयारियों पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की हर संभव मदद के लिए प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि बाढ़ से बचाव के लिए प्राथमिकता के आधार पर सैंड बैग की व्यवस्था और सड़क मरम्मत जैसे कार्य किए जाएंगे।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक नीरज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी बड़हिया, अंचलाधिकारी बड़हिया और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।