लखीसराय में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 पर बैठक, आयुक्त ने संतोष व्यक्त किया
- Post By Admin on Aug 25 2025

लखीसराय : जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 को लेकर आज समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अवनीश कुमार सिंह (भा.प्र.से.), आयुक्त मुंगेर प्रमंडल एवं प्रेक्षक, निर्वाचक सूची ने की।
बैठक में अब तक किए गए कार्यों का PPT के माध्यम से प्रदर्शन किया गया और आयुक्त ने संतोष व्यक्त किया। जिला पदाधिकारी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार एब्सेंट, शिफ्टेड और मृत मतदाताओं की सूची सभी बूथ, पंचायत भवन और प्रखंड कार्यालयों में चिपकाई जा चुकी है। इस दौरान BLA-2 के माध्यम से 1 दावा-आपत्ति भी प्राप्त हुई है।
आयुक्त ने मतदाताओं को निर्देश दिया कि यदि किसी योग्य मतदाता का नाम सूची में नहीं है तो वह फॉर्म 06 के साथ दस्तावेज जमा कर नाम जोड़वा सकते हैं। किसी विवरण में त्रुटि सुधारने के लिए फॉर्म 8 का उपयोग किया जा सकता है।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 25 जून 2025 से शुरू हुआ था। प्रारूप मतदाता सूची 01.08.2025 को प्रकाशित हुई और दावा-आपत्ति की अवधि 01.08.2025 से 01.09.2025 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावा/आपत्तियों का निष्पादन 25.09.2025 तक होगा और अंतिम सूची 30.09.2025 को प्रकाशित की जाएगी।
बैठक में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मुंगेर प्रमंडल, अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता सीतु शर्मा, उप निर्वाचन पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, सभी कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।