वन्य प्राणियों से हुए नुकसान पर प्रभावितों को आर्थिक राहत, चार लाभुकों को क्षतिपूर्ति
- Post By Admin on Sep 28 2026
लखीसराय : जिले में वन्य प्राणियों के कारण फसल और जान-माल को हुई क्षति के मामलों में वन विभाग की ओर से प्रभावित लोगों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराई गई है। वर्ष 2026 में वन्य प्राणियों से हुए नुकसान के मद्देनजर निर्धारित प्रावधानों के तहत लाभुकों को आर्थिक सहायता दी गई, ताकि प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान से राहत मिल सके।
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम दुग्धम निवासी बोड़न कोड़ा को मवेशी/बैल की क्षति के एवज में 24,000 रुपए की क्षतिपूर्ति राशि प्राप्त हुई है। वहीं हलसी प्रखंड के धीरा ग्राम-पोस्ट निवासी बजरंगी महतो को फसल क्षति के लिए 47,800 रुपए की सहायता राशि दी गई है।इसी क्रम में शिवसोना गांव निवासी अशोक कुमार को वन्य प्राणियों से हुई क्षति के एवज में 63,000 रुपए की क्षतिपूर्ति राशि प्रदान की गई है। शिवसोना निवासी नागेश्वर यादव को भी नुकसान के लिए 1,25,500 रुपए की क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराई गई है। इस प्रकार चार प्रभावित लाभुकों को कुल 2,60,300 रुपए की क्षतिपूर्ति राशि प्रदान की गई है।
वन विभाग की ओर से बताया गया कि वन्य प्राणियों के कारण फसल, पशुधन अथवा अन्य प्रकार की क्षति होने पर प्रभावित व्यक्ति इसकी सूचना संबंधित वन विभाग के अधिकारियों को तत्काल दें। सूचना प्राप्त होने के बाद आवश्यक स्थल निरीक्षण और निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर पात्र लाभुकों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति का लाभ उपलब्ध कराया जा सकेगा। विभाग ने आम लोगों से वन्य प्राणियों के साथ सुरक्षित सह-अस्तित्व बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की क्षति की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को जानकारी देना जरूरी है। इससे नुकसान का समय पर सत्यापन कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में सुविधा होगी। वन विभाग की ओर से प्रभावित लोगों को निर्धारित प्रावधानों के तहत सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ वन्य प्राणियों और आमजन के बीच सुरक्षित सह-अस्तित्व सुनिश्चित करने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।