लखीसराय जिला समन्वय समिति की बैठक, डीएम ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश
- Post By Admin on Sep 28 2026
लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में सोमवार को जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला समन्वय समिति से जुड़े विभिन्न बिंदुओं के साथ स्वास्थ्य एवं पोषण, भूमि उपलब्धता, समेकित बाल विकास योजना, आधारभूत संरचना एवं उपयोगिताओं तथा प्रमुख योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए कार्यों में तेजी लाई जाए और नियमित रूप से उनकी निगरानी की जाए। जिला कोषागार से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान पीएफएमएस, सीएफएमएस, डीसी बिल एवं एसी बिल से जुड़े लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित बिलों और प्रतिवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में जन शिकायतों से संबंधित लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। जनता की समस्याओं के समाधान, विभिन्न शिविरों के आयोजन तथा सहयोग शिविर से संबंधित कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संवेदनशीलता के साथ उनका समाधान किया जाए। साथ ही संबंधित आवेदकों को निर्धारित समय के भीतर आवश्यक राहत उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन योजना, विद्यालय भवन तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की स्थिति पर चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने विद्यालय भवन निर्माण से संबंधित कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालयों से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा।
बैठक में भूमि उपलब्धता से संबंधित मामलों तथा आधारभूत संरचना और उपयोगिताओं से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को समय रहते दूर किया जा सके। जिला पदाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने, योजनाओं की नियमित समीक्षा करने तथा प्रगति से संबंधित जानकारी समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, विकास शाखा प्रभारी श्री दिवाकर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता श्री राहुल कुमार, नजारत उप समाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मनी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।