कबैया थाना प्रभारी के खिलाफ छात्रों का विरोध, काली पट्टी बांधकर जताया आक्रोश
- Post By Admin on Sep 28 2026
लखीसराय : कबैया थाना प्रभारी रणधीर कुमार पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के विभाग संयोजक एवं छात्र नेता मनीष यदुवंशी के साथ कथित मारपीट के आरोप को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। घटना के विरोध में आर. लाल कॉलेज, लखीसराय के विद्यार्थियों ने सोमवार को काली पट्टी बांधकर कक्षा में पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। छात्रों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की मांग की।
छात्रों के विरोध के बीच पीड़ित छात्र नेता एवं अभाविप के विभाग संयोजक मनीष यदुवंशी ने भी मामले को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायत रखी। उन्होंने लखीसराय के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को लिखित ज्ञापन सौंपकर कबैया थाना प्रभारी पर लगाए गए आरोपों की जानकारी दी। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मामले की जांच कर संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ आवश्यक दंडात्मक एवं कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
आर. लाल कॉलेज में काली पट्टी बांधकर पहुंचे विद्यार्थियों ने कहा कि किसी छात्र प्रतिनिधि के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। विद्यार्थियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। छात्रों का कहना है कि छात्र हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार के अन्याय के खिलाफ वे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
अभाविप की ओर से जिला प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिए जाने की बात भी कही गई है। संगठन ने मांग की है कि इस अवधि में कबैया थाना प्रभारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी गई है। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने कहा कि उनका विरोध शांतिपूर्ण है और वे मामले में निष्पक्ष जांच तथा न्याय की मांग कर रहे हैं। विरोध प्रदर्शन में सरस्वती, रिमझिम, अंकित, लव, विश्वजीत, नाज खातून, रिनहिनी, अलीशा समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।