लखीसराय स्टेशन पर आरपीएफ की कार्रवाई, चोरी के मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार

  • Post By Admin on Sep 28 2026
लखीसराय स्टेशन पर आरपीएफ की कार्रवाई, चोरी के मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार

लखीसराय : यात्री सामान की चोरी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत किऊल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने लखीसराय स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए चोरी के मोबाइल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान पटना जिले के खुशरूपुर थाना क्षेत्र के खुशरूपुर गांव, वार्ड संख्या-1 निवासी कुणाल कुमार (32) के रूप में हुई है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ किऊल के निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक ललन कुमार सिंह और आरक्षी सुरेंद्र पासवान सोमवार की सुबह लखीसराय रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान की चोरी की रोकथाम को लेकर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 6:05 बजे 12368 विक्रमशिला एक्सप्रेस के लखीसराय स्टेशन पहुंचने पर बी-4 कोच से उतरकर एक व्यक्ति तेज गति से प्लेटफॉर्म की ओर भागता दिखाई दिया।

आरपीएफ जवानों ने संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए तत्काल उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से वीवो कंपनी का एक मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद आरपीएफ ने सुबह करीब 6:20 बजे युवक को गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी देते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरपीएफ के अनुसार, युवक यात्रा से संबंधित कोई वैध टिकट भी प्रस्तुत नहीं कर सका। मामले में विक्रमशिला एक्सप्रेस के बी-4 कोच में यात्रा कर रहे यात्री बेललूद्दीन अहमद ने आरपीएफ को बताया कि उक्त व्यक्ति ने उनकी पत्नी का पर्स चोरी किया था और पर्स किसी अन्य व्यक्ति को देने के बाद ट्रेन से उतरकर भाग रहा था। यात्री के लिखित आवेदन के आधार पर मामले को राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी), किऊल को सौंपते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

बाद में किऊल जीआरपी ने मामले में कांड संख्या 148/26, दिनांक 28 सितंबर 2026 दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 317(5) के तहत दर्ज किया गया है। मामले की जांच किऊल जीआरपी के अवर निरीक्षक वाल्मीकि पासवान कर रहे हैं। आरपीएफ और जीआरपी की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।