लखीसराय : जिले की पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए हार्डकोर नक्सली राजेश संथाल को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी एएसपी अभियान मोतीलाल के नेतृत्व में एसएसबी, एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान कजरा थाना क्षेत्र के घोघी कोड़ासी जंगल में की गई।
गिरफ्तार नक्सली राजेश संथाल पर लखीसराय और मुंगेर जिलों में कुल दस नक्सली कांड दर्ज हैं। इनमें लखीसराय के चानन इलाके में डबल मर्डर, पुलिस-नक्सली मुठभेड़ और मुंगेर के खडगपुर थाना क्षेत्र में लेवी के लिए पोकलेन मशीन जलाने जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।
गिरफ्तार नक्सली राजेश संथाल कुख्यात नक्सली एरिया कमांडर प्रवेश दा, अरबिंद यादव और सुरेश कोड़ा का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, वह नक्सल संगठन को दोबारा खड़ा करने और नए सदस्यों को जोड़ने के कार्य में सक्रिय रूप से लगा हुआ था।
लखीसराय के एसपी अजय कुमार ने जानकारी दी कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एरिया कमांडर अरबिंद यादव अपने कुछ सहयोगियों के साथ कजरा थाना क्षेत्र के घने जंगलों में छिपा हुआ है। इस सूचना के आधार पर एएसपी अभियान मोतीलाल के नेतृत्व में सर्च अभियान चलाया गया। हालांकि, मुख्य एरिया कमांडर अरबिंद यादव मौके से फरार होने में कामयाब रहा लेकिन उसके सहयोगी राजेश संथाल को पुलिस ने धर दबोचा।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि राजेश संथाल की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी है। इस कार्रवाई से नक्सली गतिविधियों को कमजोर करने और संगठन के विस्तार पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ की जा रही है जिससे नक्सल संगठन से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
लखीसराय और उसके आसपास के क्षेत्रों में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। सुरक्षा बलों द्वारा जंगलों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि जिले में नक्सली गतिविधियों को पूरी तरह से खत्म करने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।




















