लखीसराय संग्रहालय को मिली नई उपलब्धि, भगवान गरुड़ की दुर्लभ प्रतिमा समर्पित

  • Post By Admin on Mar 10 2025
लखीसराय संग्रहालय को मिली नई उपलब्धि, भगवान गरुड़ की दुर्लभ प्रतिमा समर्पित

लखीसराय : जिले के गौरवशाली इतिहास और पुरातात्विक चेतना को सशक्त करने की दिशा में लखीसराय संग्रहालय को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। रामपुर, सूर्यगढ़ा निवासी शिक्षक श्री राजेन्द्र प्रसाद सिंह के परिवार ने एक दुर्लभ गरुड़ प्रतिमा को संग्रहालय को सौंप दिया है। यह प्रतिमा नवमी-दसवीं शताब्दी की बताई जा रही है, जिसमें भगवान विष्णु के वाहन गरुड़ अंजलि मुद्रा में कमलासन पर विराजमान हैं।  

परिवार के सदस्य अनिल कुमार सिंह, उनकी धर्मपत्नी नूतन देवी, पुत्र गुलशन कुमार, पुत्रवधू प्रीति कुमारी सहित अन्य परिजनों ने यह प्रतिमा 10 मार्च 2025 को संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार यादव को सुपुर्द की। संग्रहालयाध्यक्ष ने बताया कि यह प्रतिमा परिवार को 8 मार्च 2022 को उनके घर के शौचालय निर्माण के लिए नींव खुदाई के दौरान 12 फीट की गहराई से प्राप्त हुई थी।  

डॉ. यादव ने कहा कि संग्रहालय की आधुनिक दीर्घाओं और जागरूकता अभियानों से लोगों में ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजने की भावना विकसित हो रही है, जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण यह दान है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दानदाता परिवार का नाम प्रदर्शनी पेडस्टल पर अंकित किया जाएगा।  

इस अवसर पर दीर्घा प्रभारी श्री राजेश कुमार, सुरक्षा गार्ड अंकित कुमार, ऋतु राज, सूरज कुमार, राहुल कुमार, सुमित कुमार, राजेन्द्र यादव, राकेश कुमार समेत कई संग्रहालय कर्मी उपस्थित रहे। दाता परिवार ने इस ऐतिहासिक धरोहर को सहेजने में योगदान देने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की और संग्रहालय प्रशासन का आभार प्रकट किया।