जलापूर्ति, आधार और सोलर स्ट्रीट लाइट योजनाओं की समीक्षा, डीएम ने मांगी प्रगति रिपोर्ट
- Post By Admin on Sep 28 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में विभिन्न जिला स्तरीय समितियों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रही विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों तथा उनके समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी ली गई। इस दौरान जिला स्तरीय युवा महोत्सव के आयोजन की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला जल एवं स्वच्छता समिति, जिला गंगा समिति, ग्रामीण विकास कार्यक्रम समन्वय समिति, VB-G RAM G, जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति, सोलर स्ट्रीट लाइट जिला स्तरीय समन्वय समिति, पंचायत सरकार भवनों के लिए भूमि चयन एवं भवन निर्माण, विशेष केंद्रीय सहायता योजना जिला स्तरीय समिति तथा आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
पंचायत सरकार भवनों के लिए भूमि चयन और निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यकारी एजेंसी के अनुसार कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने उन ग्राम पंचायतों की सूची भी देखी, जहां भवन निर्माण के लिए भूमि चयन अथवा अन्य प्रक्रिया अभी पूरी होनी बाकी है। इसके अलावा विवादित भूमि से संबंधित अध्ययन प्रतिवेदन की भी जानकारी ली गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को भूमि से जुड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा पंचायत सरकार भवनों के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि योजना के प्रथम चरण के तहत 100 प्रतिशत भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। जिला पदाधिकारी ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने योजना से संबंधित शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा नियमित रूप से इसकी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा के दौरान जिले में संचालित जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति, प्रस्तावित नई जलापूर्ति योजनाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता की स्थिति पर चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जलापूर्ति योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक में जिले में सभी आयु वर्ग के लोगों का आधार कवरेज सुनिश्चित करने को लेकर प्रगति की समीक्षा की गई। विशेष रूप से बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट, आधार पंजीकरण, आधार लिंक तथा मोबाइल नंबर अपडेट से संबंधित कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई। विभिन्न सरकारी योजनाओं में आधार के उपयोग, संभावित धोखाधड़ी की निगरानी तथा आधार से संबंधित प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में अन्य जिला स्तरीय समितियों और योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि विभागवार लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनका शीघ्र निष्पादन किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को नियमित अनुश्रवण करने तथा योजनाओं की प्रगति से जुड़ी रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान जिला स्तरीय युवा महोत्सव के आयोजन की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। आयोजन को बेहतर ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया। बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, प्रभारी पदाधिकारी विकास शाखा श्री दिवाकर कुमार, निदेशक डीआरडीए श्री नीरज कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।