गंडक के कहर पर भारी पड़ा सेवा भाव: जैतपुर कॉलेज के स्वयंसेवकों ने बाढ़ पीड़ितों तक पहुँचाई मदद
- Post By Admin on Oct 06 2026
मुजफ्फरपुर : गंडक नदी का तटबंध टूटने से क्षेत्र में मची भारी तबाही के बीच श्री राघव प्रसाद सिंह महाविद्यालय, जैतपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई ने प्रभावित ग्रामीणों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। कुबौली ढाला, डुमरी और चिंतवनपुर सहित कई इलाके पूरी तरह जलमग्न हो जाने के बाद महाविद्यालय प्रशासन ने त्वरित पहल करते हुए राहत अभियान शुरू किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. अमिता शर्मा ने मंगलवार सुबह 11 बजे राहत दल को हरी झंडी दिखाकर बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में जरूरतमंदों की सहायता करना ही सबसे बड़ा मानवीय दायित्व है। उन्होंने राहत कार्य में जुटे एनएसएस, एनसीसी और आपदा मित्र के स्वयंसेवकों के सेवाभाव की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
राहत दल के सदस्यों ने घुटने से ऊपर तक भरे पानी और चुनौतीपूर्ण रास्तों को पार करते हुए जलमग्न गांवों में पहुंचकर पीड़ित परिवारों के बीच आवश्यक खाद्य व राहत सामग्री का वितरण किया। संकट के समय सीधे घर-द्वार पर मदद मिलने से प्रभावित ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और युवाओं के इस साहसिक कदम के प्रति आभार व्यक्त किया।
अभियान का समन्वय कर रहे एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. विनोद आजाद ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल उद्देश्य युवाओं में संवेदनशीलता और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना भरना है। उन्होंने बताया कि जलजमाव की विकट परिस्थितियों के बावजूद युवा स्वयंसेवकों का समर्पण यह विश्वास दिलाता है कि संकट के समय समाज पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ा है।