लखीसराय : जिले के हलसी प्रखंड अंतर्गत मां तारा स्कूल के समीप बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में आ रही टेम्पो, बलेनो कार और एक बाइक के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ता तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को उठाकर एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से हलसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंचाया। कार्यकर्ताओं ने डॉक्टरों से मिलकर घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित कराई।

इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता राजीव कुमार, भारत महतो, गौरव कुमार और मनोहर कुमार लगातार अस्पताल में मौजूद रहे और घायलों के उपचार में सहयोग करते रहे। कार्यकर्ताओं की सक्रियता और मानवीय पहल के कारण सभी घायलों का समय पर इलाज हो सका और उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

ग्रामीणों और घायलों के परिजनों ने भाजपा कार्यकर्ताओं की इस तत्परता और सेवा भाव की सराहना की। लोगों ने कहा कि सड़क हादसों में समय पर मदद मिलना ही सबसे बड़ी राहत होती है, और कार्यकर्ताओं ने इसे साबित कर मानवता की मिसाल पेश की।