नोयडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में AI से तैयार एक फर्जी वीडियो ने पुलिस और दमकल विभाग को घंटों तक परेशान कर दिया। सोशल मीडिया पर एक हाईराइज सोसायटी की 21वीं मंजिल पर भीषण आग लगने का वीडियो वायरल हुआ। सूचना मिलते ही चार जिलों से करीब 20 दमकल टीमें मौके पर पहुंच गईं, लेकिन जांच में पता चला कि वहां आग लगी ही नहीं थी।
मामला सेक्टर-119 स्थित अरण्या सोसायटी का है। वायरल वीडियो में दावा किया गया था कि एक फ्लैट में AC ब्लास्ट के बाद आग लग गई और लपटें आसपास के फ्लैटों तक फैल गईं। वीडियो इतना वास्तविक दिखाई दे रहा था कि लोगों ने इसे तेजी से साझा करना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची दमकल टीमों को न आग मिली और न ही किसी विस्फोट के निशान। जांच में सामने आया कि वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाया गया था।
नोएडा पुलिस ने इस मामले में साइबर क्राइम थाने में FIR दर्ज की है। पुलिस अब वीडियो बनाने वाले और इसे सोशल मीडिया पर फैलाने वाले अकाउंट्स की पहचान कर रही है। इस घटना ने AI के जरिए बनाए जा रहे फर्जी वीडियो के खतरनाक प्रभाव को उजागर कर दिया है। एक झूठे वीडियो के कारण न केवल लोगों में डर फैला, बल्कि आपातकालीन सेवाओं की कई टीमों का समय और संसाधन भी बेवजह खर्च हुए।
















