सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी के साथ एचआईवी और एड्स जागरूकता अभियान आयोजित
- Post By Admin on Feb 20 2026
लखीसराय : सदर अस्पताल परिसर में 20 फरवरी 2026 को एचआईवी/एड्स एवं सामाजिक सुरक्षा विषय पर संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह ने की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य एचआईवी/एड्स के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना तथा प्रभावित मरीजों को उपलब्ध सरकारी योजनाओं और उनके अधिकारों की जानकारी देना रहा।
अध्यक्षीय संबोधन में सिविल सर्जन डॉ. सिंह ने एचआईवी/एड्स के कारण, लक्षण, संक्रमण के तरीके और बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एचआईवी संक्रमण असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई के उपयोग, संक्रमित रक्त चढ़ाने तथा संक्रमित माता से शिशु में फैल सकता है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि सामान्य सामाजिक संपर्क जैसे साथ बैठना, हाथ मिलाना या भोजन साझा करने से एचआईवी नहीं फैलता। उन्होंने कहा कि जागरूकता के माध्यम से ही संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव और डर को समाप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान एचआईवी/एड्स से प्रभावित व्यक्तियों के लिए संचालित परवरिश योजना एवं बिहार शताब्दी एड्स पीड़ित कल्याण योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है, जिससे वे सम्मानजनक जीवन जी सकें। बैठक में एचआईवी एवं एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम, 2017 के प्रावधानों पर भी चर्चा हुई। अधिनियम के तहत एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को गोपनीयता, उपचार और भेदभाव से संरक्षण का अधिकार सुनिश्चित किया गया है। इसके अतिरिक्त एआरटी (एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी) सुविधा, निःशुल्क जांच और परामर्श सेवाओं सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
संवेदीकरण कार्यक्रम में स्वास्थ्यकर्मियों और संबंधित अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई तथा एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संचारी रोग पदाधिकारी सह जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. श्री निवास शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार, एड्स नियंत्रण पदाधिकारी अरविंद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।