गुरु गोबिंद सिंह जी के पवित्र जूते 300 साल बाद पटना साहिब लौट, सिख संगत में खुशी की लहर

  • Post By Admin on Nov 01 2025
गुरु गोबिंद सिंह जी के पवित्र जूते 300 साल बाद पटना साहिब लौट, सिख संगत में खुशी की लहर

पटना : सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के पवित्र जोड़ साहिब (जूते) तीन सौ वर्षों बाद अपने जन्मस्थान पटना साहिब लौट आए। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अपने परिवार की इस अमूल्य धरोहर को सिख संगत को सौंपते हुए इसे “आध्यात्मिक रूप से सबसे भावुक क्षण” बताया।

पुरी ने बताया कि उनके पूर्वज गुरु गोबिंद सिंह जी की सेवा में रहे थे और उन्हें यह पवित्र जोड़ साहिब 'चरण सुहावा' के रूप में प्राप्त हुए थे। परिवार ने इस धरोहर को तीन शताब्दियों तक सहेजकर रखा और 22 अक्टूबर को दिल्ली में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति व पटना साहिब कमेटी को सौंप दिया।

इसके बाद शुरू हुई नौ दिवसीय ‘गुरु चरण यात्रा’, जो दिल्ली से पटना तक हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में निकली। यात्रा हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार से होते हुए शनिवार सुबह पटना साहिब पहुंची। हर पड़ाव पर कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन हुआ। भक्तों ने सड़कों पर खड़े होकर जोड़ साहिब के दर्शन किए, वातावरण ‘जो बोले सो निहाल’ के जयकारों से गूंज उठा।

तख्त श्री हरिमंदिर जी, पटना साहिब में जोड़ साहिब को विधि-विधानपूर्वक स्थापित किया गया। इस ऐतिहासिक क्षण पर श्रद्धालुओं की आंखें नम थीं। हरदीप पुरी ने कहा, “गुरु महाराज के चरण चिन्हों को उनके जन्मस्थान तक पहुंचाना हमारे परिवार के लिए गर्व का विषय है।”

पटना साहिब कमेटी के अध्यक्ष ने घोषणा की कि यह जोड़ साहिब अब श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने इसे “सिख इतिहास का गौरवशाली अध्याय” बताया।

सोशल मीडिया पर #गुरुचरणयात्रा ट्रेंड कर रहा है। सिख श्रद्धालु इस घटना को “गुरु की कृपा का जीवंत प्रतीक” बताते हुए इसे एक युगांतकारी क्षण कह रहे हैं।