पटना: बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने और नशीली दवाओं के बढ़ते प्रचलन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग को लेकर समाजसेवी जय सिंह राठौड़ ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए राज्य के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
मुलाकात के दौरान वैशाली जिले के राजापाकर में विकसित किए जा रहे इलेक्ट्रिक एवं औद्योगिक क्षेत्र की पहल पर विशेष चर्चा हुई। जय सिंह राठौड़ ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार में उद्योगों का विस्तार राज्य की आर्थिक प्रगति और रोजगार सृजन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे और रोजगार के लिए दूसरे राज्यों पर उनकी निर्भरता कम होगी। इस दौरान जय सिंह राठौड़ ने बिहार में नशीली दवाओं और ड्रग्स के बढ़ते प्रचलन पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या युवाओं के स्वास्थ्य, भविष्य और सामाजिक जीवन के लिए गंभीर चुनौती है। इससे निपटने के लिए प्रभावी निगरानी, जागरूकता अभियान और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ ठोस कार्रवाई आवश्यक है।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की जरूरत बताई। उनका कहना था कि राज्य का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब युवा पीढ़ी स्वस्थ, शिक्षित और आत्मनिर्भर बने। जय सिंह राठौड़ ने मुख्यमंत्री की विकास संबंधी सोच की सराहना करते हुए कहा कि बिहार को आने वाले दशकों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए उद्योग, आधारभूत संरचना और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की सोच को बिहार को विकास के मामले में 50 वर्ष आगे ले जाने वाली बताया।
मुलाकात के बाद राठौड़ ने विश्वास जताया कि औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सकारात्मक पहल से बिहार को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्यहित और जनकल्याण से जुड़े प्रयासों में वे अपना सहयोग देते रहेंगे।
















