राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा नववर्ष प्रतिपदा उत्सव का भव्य आयोजन

  • Post By Admin on Mar 28 2025
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा नववर्ष प्रतिपदा उत्सव का भव्य आयोजन

लखीसराय: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की लखीसराय नगर इकाई द्वारा नववर्ष प्रतिपदा (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) के शुभ अवसर पर एक भव्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम महिला विद्या मंदिर, लखीसराय में प्रातः 8 बजे से शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की भागीदारी रहेगी।

संस्कृति और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत होगा आयोजन

कार्यक्रम में संघ के आदर्शों एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़ी विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। संघ की शारीरिक विभाग द्वारा प्रस्तुत उत्सव आचार पद्धति के अनुसार, परंपरागत तरीके से डॉ. हेडगेवार, श्री गुरुजी और भारत माता के चित्रों का पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात संघ प्रार्थना, बौद्धिक सत्र, व्यक्तिगीत गीत, ध्वज प्रणाम और अन्य शारीरिक क्रियाकलापों का आयोजन किया जाएगा।

भारतीय संस्कृति के महत्व को रेखांकित करेगा संघ

संघ के नगर कार्यवाह कविन्द्र कुमार ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति और हिंदू नववर्ष के महत्व को उजागर करना है। उन्होंने कहा कि नववर्ष प्रतिपदा केवल एक तिथि नहीं, बल्कि भारतीय परंपरा एवं गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है।

पूर्ण गणवेश में उपस्थित होंगे स्वयंसेवक

कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी स्वयंसेवकों को पूर्ण गणवेश में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्षीय आशीर्वचन एवं अमृतवचन सत्र होगा, जिसमें संघ के वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन मिलेगा। संघ का यह आयोजन समाज में नववर्ष के पारंपरिक महत्व को पुनः जागृत करने के साथ-साथ युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की प्रेरणा देगा।