बांकीपुर के 10 हजार युवाओं को दिलाएंगे नौकरी, सीएम पर भी साधा निशाना
- Post By Admin on Aug 11 2026
पटना: जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर के नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे और मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के रोजगार, शिक्षा और जनसुविधाओं को लेकर कई बड़े ऐलान किए और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला।
आभार सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर के पढ़े-लिखे युवाओं के लिए अगले एक वर्ष के भीतर निजी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिन युवाओं ने पढ़ाई पूरी कर ली है, वे अपना बायोडाटा जन सुराज कार्यालय में जमा करें। उन्होंने दावा किया कि कम से कम 10 हजार युवाओं को नौकरी दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। पीके ने कहा कि देशभर में उनके जो भी संपर्क हैं, उनसे बिहार के युवाओं को रोजगार देने की बात की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि जब बिहार में जन सुराज की व्यवस्था बनेगी, तब युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
यारपुर राजपूताना में आयोजित सभा में प्रशांत किशोर ने राशन कार्ड, पेंशन और जनकल्याण योजनाओं में भ्रष्टाचार खत्म करने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि लोगों को तीन महीने का समय देना चाहिए, इसके बाद राशन कार्ड बनाने में एक रुपया भी रिश्वत नहीं लगेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन लोगों को पूरा अनाज नहीं मिल रहा है, उन्हें निर्धारित मात्रा में अनाज दिलाया जाएगा और 60 वर्ष से अधिक आयु वाले पात्र लोगों को 1100 रुपये पेंशन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी वे लेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए पीके ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम आने के बाद बिहार की राजनीति का मुद्दा बदल गया है। उनके अनुसार अब एनकाउंटर की नहीं, बल्कि पढ़ाई और रोजगार की चर्चा हो रही है। उन्होंने इसे जनता के वोट की ताकत बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने चुनाव में लोगों से कहा था कि भाजपा को हराने पर बिहार की राजनीति का एजेंडा बदलेगा। अब सरकार भी शिक्षा और रोजगार की बात करने को मजबूर हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री का हटना तय है, चाहे आज हो या कुछ महीनों बाद।
प्रशांत किशोर ने शिक्षा को लेकर भी बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि एक साल के भीतर या तो सरकारी विद्यालयों की व्यवस्था बहुत बेहतर हो जाएगी, और यदि ऐसा नहीं हुआ तो गरीब परिवारों के बच्चों की निजी विद्यालय की फीस की जिम्मेदारी वे स्वयं लेंगे। उन्होंने लोगों से भरोसा रखने और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए समय देने की अपील की। अपने कार्यक्रम के दौरान प्रशांत किशोर ने दशरथा स्थित शहीद राम गोविंद सिंह बालिका उच्च विद्यालय में श्रद्धांजलि सभा में भाग लिया। इसके बाद यारपुर राजपूताना, जक्कनपुर के हनुमान पथ और वार्ड 40 स्थित लंगरटोली चौक के पास आयोजित विभिन्न आभार सभाओं में शामिल होकर लोगों से संवाद किया।