अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला स्वास्थ्य कर्मियों को किया गया सम्मानित

  • Post By Admin on Mar 08 2025
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला स्वास्थ्य कर्मियों को किया गया सम्मानित

लखीसराय : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल के सभागार में आयोजित समारोह में महिला स्वास्थ्य कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएस डॉ. बीपी सिन्हा ने की और उन्होंने जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिला स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र और मूवमेंट देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर महिला दिवस 2025 की थीम “कार्यवाही में तेजी” को केंद्रित किया गया, जो महिलाओं के अधिकारों, समानता और उनकी उपलब्धियों को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है। सीएस डॉ. बीपी सिन्हा ने बताया कि इस दिन का उद्देश्य समाज में महिलाओं की भूमिका, संघर्ष और सफलता को प्रदर्शित करना है और यह लैंगिक भेदभाव को समाप्त करने और समान एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में डीपीएम सुधांशु नारायण लाल ने कहा, “नारी स्वतंत्रता का मतलब केवल उसकी शक्ति को पहचानना और सम्मान देना है। हर महिला को खुद पर विश्वास होना चाहिए, तभी वह कुछ बड़ा कर सकती है।” उन्होंने यह भी कहा कि महिलाएं केवल घर तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि वे पूरे समाज और दुनिया को बदलने की क्षमता रखती हैं।

समारोह में डीएस डॉ. राकेश कुमार, जिला महामारी पदाधिकारी डॉ. जुली कुमारी, अस्पताल प्रबंधक नंदकिशोर भारती, सरिता बागे, पूजा कुमारी और डीसीएम आशुतोष कुमार सहित अन्य सम्मानित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे। इस सम्मान समारोह ने महिलाओं के प्रति सम्मान और उनके योगदान को उजागर किया और उनके सशक्तिकरण की दिशा में एक नया कदम बढ़ाया।