साहित्य जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए काव्य किरण सम्मान से नवाजे गए डॉ. विजय विनीत
- Post By Admin on Aug 25 2025

लखीसराय : सृजन और साहित्य के क्षेत्र में लखीसराय जिले का नाम एक बार फिर गौरवपूर्ण तरीके से जुड़ा है। जिले के सूर्यगढ़ा निवासी शिक्षाविद् एवं कवि डॉ. विजय विनीत को प्रतिष्ठित 'काव्य किरण सम्मान' से अलंकृत किया गया।
शनिवार को रांची स्थित सिटी पैलेस होटल के सभागार में काव्य किरण संस्था द्वारा आयोजित अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन में यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में संस्था की आयोजक एवं प्रसिद्ध शायरा शोभाकिरण तथा चर्चित शायर रोहित अंबस्ट ने डॉ. विनीत को सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर उनके साहित्यिक योगदान की सराहना की।
डॉ. विजय विनीत ने मंच से अपनी बहुचर्चित लंबी कविता “भोजराज की दुलारी कुंती” का प्रभावशाली पाठ किया, जिसने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति को कवि सम्मेलनों में आए देशभर के कवियों और श्रोताओं ने भी बेहद सराहा।
इस आयोजन में शामिल कवि-शायरों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से साहित्य प्रेमियों को भाव-विभोर कर दिया। लखीसराय के साहित्यिक जगत एवं पाठक वर्ग के लिए डॉ. विजय विनीत को मिला यह सम्मान गर्व और प्रेरणा का विषय बन गया है।