आईपीएस अधिकारी क्षमा मिश्रा से डॉ. अरुण कुमार सिंह ने की शिष्टाचार भेंट
- Post By Admin on Feb 21 2025

बेंगलुरू : प्रसिद्ध होमियोपैथिक चिकित्सक और क्रॉनिक डिजीज एंड किडनी स्टोन स्पेशलिस्ट डॉ. अरुण कुमार सिंह ने गुरुवार को क्षमा मिश्रा, डीसीपी, बेंगलुरु सिटी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर, डॉ. सिंह ने आईपीएस अधिकारी को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया।
ज्ञात हो कि क्षमा मिश्रा, जो कर्नाटक कैडर की 2016 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं, वर्तमान में राज्य पुलिस लाइन बैंगलोर के कमांडेंट के रूप में तैनात हैं। वह उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की निवासी हैं। क्षमा मिश्रा का परिवार पहले दो कमरों के घर में रहता था और उनकी सफलता प्रेरणा देने वाली है।
दिलचस्प यह है कि क्षमा के माता-पिता, अनिल मिश्रा और कृष्णा मिश्रा, ने अपने चारों बच्चों को उच्च शिक्षा की दिशा में प्रेरित किया। इन चारों भाई-बहनों ने सिविल सेवा परीक्षा पास की तथा आईएस और आईपीसी जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं में स्थान पाया।
क्षमा के बड़े भाई ने 2013 में सिविल सेवा परीक्षा पास की, जबकि उनकी बहन माधवी ने 2014 में सफलता प्राप्त की। इसके बाद, उनके भाई लोकेश ने 2015 में सिविल सेवा परीक्षा पास किया। लोकेश पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT-D) से इंजीनियरिंग कर चुके थे और बाद में सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
क्षमा मिश्रा का मानना है कि सफलता कड़ी मेहनत और त्याग का परिणाम होती है। उनके पति, जो प्रांतीय सिविल सेवा में कार्यरत हैं, ने उन्हें हमेशा सपोर्ट किया और उनका मार्गदर्शन किया। क्षमा हिंदी साहित्य में स्नातकोत्तर हैं और यही उनका वैकल्पिक विषय था।
इस दौरान, क्षमा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार के समर्थन और सहयोग को दिया। उन्होंने कहा, "हम सभी एक-दूसरे की परवाह करते हैं और एक-दूसरे पर विश्वास रखते हैं। सफलता निरंतरता, कड़ी मेहनत और त्याग का परिणाम है। यह हमें विरासत में नहीं मिला, बल्कि हम सबकी मेहनत का नतीजा है।"
शिष्टाचार भेंट के पश्चात डॉ. सिंह ने डीसीपी क्षमा मिश्रा को उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। डीसीपी मिश्रा ने भी डॉ. सिंह की सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।