रात के अंधेरे में महिलाओं के कपड़े चुराता रहा संदिग्ध, सीसीटीवी ने खोली पोल
- Post By Admin on Apr 09 2026
चामराजनगर : कर्नाटक के चामराजनगर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में देर रात एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा महिलाओं के अंतःवस्त्र चोरी करने की घटनाएं सामने आई हैं। पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोग दहशत में हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से घरों के बाहर सूखने के लिए डाले गए महिलाओं के कपड़े लगातार गायब हो रहे थे। शुरुआत में लोगों ने इसे साधारण चोरी समझकर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन जब यह घटनाएं बार-बार होने लगीं तो निवासियों को शक हुआ। इसके बाद लोगों ने अपने घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां सामने आईं।
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि एक व्यक्ति देर रात कॉलोनी में प्रवेश करता है और घरों के बाहर सूख रहे महिलाओं के अंतःवस्त्र चुरा लेता है। बताया जा रहा है कि वह पहचान छिपाने के लिए महिला के वेश में भी नजर आया। फुटेज सामने आने के बाद कॉलोनी के लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। घटना के बाद से कॉलोनी की महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह केवल चोरी का मामला नहीं, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद चामराजनगर टाउन थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।